बिजली लाइन की मरम्मत करते हुए निगम के कर्मचारी।
चरखी दादरी। बिजली निगम द्वारा सिटी सब-डिविजन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न फीडरों पर शनिवार को मेंटेनेंस का कार्य किया गया। दिनभर चले रखरखाव कार्य के चलते शहर के महेंद्रगढ़ चुंगी, नई अनाज मंडी, भगवान वाल्मीकि नगर सहित आसपास के कई क्षेत्रों में दिनभर बिजली गुल रही। बिजली गुल रहने के कारण जहां लोग घरों में परेशान रहे, वहीं दुकानदारों का कामकाज भी प्रभावित हुआ।
रखरखाव कार्य के दौरान निगम की ओर से कई सुधार कार्य किए गए, ताकि भविष्य में बिजली व्यवस्था सुचारु रूप से चल सके। निगम के अधिकारियों ने बताया कि मेंटेनेंस के तहत पेड़ों की छंटाई की गई जिससे तारों में बाधा बनने वाली शाखाओं को हटाया जा सके। इसके अलावा पुरानी और खराब केबल को बदलने का कार्य भी किया गया। तारों को दोबारा कसने के साथ-साथ ढीले जंपर्स को भी दुरुस्त किया गया।
विभाग के अनुसार मेंटेनेंस कार्य के दौरान चिड़िया रोड मिक्स अर्बन, कॉलेज रोड अर्बन, हीरा चौक अर्बन और महेंद्रगढ़ बाईपास अर्बन फीडरों को कवर किया गया।
वर्सन :
मेंटेनेंस कार्य उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के उद्देश्य से किया गया है। आने वाले समय में इससे फाॅल्ट की संख्या में कमी आएगी और बिजली व्यवस्था अधिक सुचारु होगी।
- गौरव कुमार, एसडीओ, बिजली निगम, दादरी।