चरखी दादरी। शहर स्थित सिटी पुलिस स्टेशन का भवन जर्जर अवस्था में है। अब तक इसके पुनर्निर्माण की कवायद शुरू नहीं हो पाई है। संबंधित विभाग की ओर से भी इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। समय के अनुसार भवन में दरारें बढ़ती जा रही हैं।
शहर पुलिस थाने का भवन साल 1987 में बनाया गया था। अब इसके निर्माण को 37 साल हो चुके हैं। पिछले कई सालों से भवन की मरम्मत व पेंट कराकर ही काम चलाया जा रहा है। दूसरी ओर समय के साथ भवन अपनी मजबूती खो रहा है। थाने की पीछे वाली दीवार कई दिन पहले गिर चुकी है।
विज्ञापन
विभाग की ओर से थाने के भवन की बिगड़ी हालत को नजरअंदाज किया जा रहा है। अनदेखी का आलम यह है कि थाने की गिरी दीवार को अब तक नहीं बनवाया गया है। फिलहाल, थाने के पीछे मलबा पड़ा हुआ है। घास आदि उगने से कचरा भी जमा हो गया है। शहर पुलिस थाने में 50 कर्मचारी हैं। ये दिन व रात की शिफ्ट में काम करते हैं। भवन की हालत खराब होती जा रही है। इसके चलते यहां कोई हादसा भी हो सकता है।
फिलहाल, भवन की दीवारों में दरारें आ चुकी हैं। कहीं-कहीं पर तो दीवार का प्लास्टर भी गिर चुका है। अगर विभाग जल्द इस ओर ध्यान नहीं देता है तो जनता के रक्षकों का जीवन संकट में आ सकता है।