फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: 44 डिग्री पहुंचा पारा, लू से बढ़े मरीज

Tue, 19 May 2026 01:32 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
सिविल अस्पताल में उपचार के लिए लगी मरीजों की भीड़। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित हो गया है। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। लू के कारण बीमार होने वालों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है और इसका असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है।
विज्ञापन


भीषण गर्मी के बीच दादरी के सिविल अस्पताल में मरीजों की संख्या में बड़ा इजाफा दर्ज किया गया है। अस्पताल की ओपीडी एक हजार मरीजों के आंकड़े को पार कर गई है। इनमें करीब 200 मरीज ऐसे पहुंचे जो गर्मी, लू और उससे जुड़ी परेशानियों से प्रभावित पाए गए। मरीजों में चक्कर आना, उल्टी, दस्त, सिरदर्द, कमजोरी, शरीर में पानी की कमी और बुखार जैसी शिकायतें अधिक सामने आ रही हैं।

अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। पंजीकरण काउंटर, चिकित्सकों के कक्ष और दवा वितरण केंद्रों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। गर्मी से प्रभावित मरीजों में बुजुर्गों, बच्चों और बाहर काम करने वाले मजदूरों की संख्या अधिक रही। खेतों में काम करने वाले किसान, निर्माण कार्य से जुड़े मजदूर और धूप में लंबे समय तक रहने वाले लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
विज्ञापन


गर्मी से बचाव की सलाह
चिकित्सकों का कहना है कि लगातार बढ़ रहे तापमान और गर्म हवाओं के कारण हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो स्थिति गंभीर हो सकती है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। विशेष रूप से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप और लू से बचने की अपील की गई है।

ठंडी वस्तुओं का करें सेवन
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने गर्मी से बचाव के लिए कई जरूरी सुझाव भी दिए हैं। चिकित्सकों के अनुसार लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए और शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए। इसके अलावा नींबू पानी, ओआरएस घोल, छाछ, लस्सी और फलों के रस का सेवन लाभकारी बताया गया है। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढंकने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा धूप में अधिक देर तक रहने से बचने की सलाह दी गई है।


यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, अत्यधिक पसीना, बेहोशी, चक्कर, उल्टी या सांस लेने में परेशानी जैसी समस्या महसूस हो तो तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग भी लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील करता है। अगले कुछ दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना बनी हुई है जिससे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
विज्ञापन

- डॉ. नरेश कुमार, सीएमओ, दादरी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें