संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। राजकीय अध्यापक संघ-70 की ओर से राज्य उपप्रधान जगमेंद्र छिल्लर की अगुवाई में जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र जांघू से उनके कार्यालय में पहुंच कर शिष्टाचार भेंट की गई। इस मुलाकात के दौरान अनेक विषयों पर चर्चा हुई। साथ में जो समस्याएं तथा मांगें पिछले लंबे समय से लंबित हैं, उनको लेकर मांगपत्र भी रखा गया।
इस दौरान मांगों को लेकर अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि ज्यादा से ज्यादा काम करवाने का प्रयास रहेगा। एसीपी 2000 तथा 2011 का हल जल्द निकालेंगे। हर सप्ताह सभी वर्गों की 10 एसीपी हल की जाएगी। सभी मेडिकल बिल समय पर किए जाएंगे।
एलटीसी मामले डीईओ आफिस के अधीन कार्य पूरा हो चुका है। एसीपी मामले में बार-बार आपत्ति न लगे, इसके लिए स्कूलों के लिपिकों को कार्यालय से प्रशिक्षण दिलवाया जाएगा।
इस मौके पर जिला प्रधान हरियाणा कर्मचारी महासंघ जयवीर घसौला, जिला प्रधान कृष्ण कुमार आदमपुर डाढी, ब्लॉक दादरी प्रधान पवन सांगवान, बौंद प्रधान जिले सिंह पिलानिया, जिला उप प्रधान अंजन सांगवान, बाढड़ा प्रधान सोमबीर जगरामबास, नरेश बलाली आदि मौजूद रहे।