चरखी दादरी। प्रदेश सरकार ने लोगों को कोरोना से बचाव के लिए बूस्टर डोज निशुल्क लगाने की घोषणा कर दी है। वहीं, दूसरी ओर जिले में लोग बूस्टर डोज लगवाने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। यह स्वास्थ्य विभाग के लिए सबसे बड़ी समस्या है। अब तक जिले में 56 हजार लोगों का बूस्टर डोज लगवाने का समय हो चुका है, जबकि महज 12 हजार लोगों ने ही यह डोज लगवाई है। ऐसे में अब विभाग ने जल्द से जल्द बचे हुए लोगों को कवर करने की योजना बनाई है और इसके लिए दोबारा से 120 टीमों को फील्ड में उतारा गया है।
जिला वैक्सीनेशन प्रभारी डॉ. आशीष मान ने बताया कि जिले में तीन लाख 90 हजार लोगों को बूस्टर डोज लगनी हैं। अब तक 12 हजार लोगों को बूस्टर डोज लगाई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि बुधवार से जिले में निशुल्क बूस्टर डोज लगाने की शुरुआत कर दी है। फिलहाल बूस्टर डोज लगाने की यह सुविधा केवल हरियाणा प्रदेश में ही है। अन्य प्रदेशों में लोगों को अगर बूस्टर डोज लगवानी है तो उन्हें निजी स्वास्थ्य केंद्रों पर जाकर 390 रुपये देने पड़ रहे हैं।
वहीं, जिले के ओवरऑल वैक्सीनेशन की बात करें तो स्थिति काफी ठीक है। अब तक जिले में 104 फीसदी लोगों को पहली और 102 फीसदी को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। फिलहाल विभाग का फोकस 12 से 14 आयु वर्ग वालों को और बूस्टर डोज लगाने पर है। इसी के तहत बुधवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीनेशन शिविर लगाए गए और इसके अलावा विभागीय टीमों ने आउटरीच सेशन भी लगाए। बुधवार को जिले में 759 लोग कवर किए गए। वहीं 456 लोगों को बूस्टर डोज लगाई गई।
- 12 से 14 आयुवर्ग में 56 प्रतिशत को लगी पहली डोज
12 से 14 आयु वर्ग में हुए वैक्सीनेशन की बात करें तो 56 प्रतिशत को पहली और 15 प्रतिशत को दूसरी डोज लग चुकी है। जिला वैक्सीनेशन प्रभारी डॉक्टर आशीष मान ने बताया कि बुधवार को जिले में इस आयु वर्ग के 226 किशोर कवर किए गए। नौ किशोरों को पहली और 217 को दूसरी डोज लगाई गई।
- बुधवार को बलकरा पीएचसी पर हुआ सबसे अधिक टीकाकरण
बुधवार को सिविल अस्पताल में 50 एमसीएच में 20, बौंदकलां में 12, रानीला में 30, सांवड़ में 71, झोझूकलां में 110, बलकरा में 120, संतोकपुरा में 103, मानकावास में 25, माई कलां में 92, हड़ौदी में 10, कादमा में 56 और छपार में 60 लोगों को कवर किया गया। बुधवार को सबसे अधिक वैक्सीनेशन बलकरा पीएचसी पर हुआ। तीन केंद्रों पर बुधवार को वैक्सीनेशन नहीं हुआ और इनमें अचीना और बाढड़ा पीएचसी समेत गोपी सीएचसी शामिल है।
जानिये... किस स्वास्थ्य केंद्र पर कितने लोग बूस्टर डोज का समय कर चुके पूरा
स्वास्थ्य केंद्र - लोगों की संख्या
जीएच और एमसीएच- 14437
बौंदकलां सीएचसी- 3291
अचीना पीएचसी- 2660
इमलोटा पीएचसी-2679
रानीला पीएचसी - 2656
सांवड़ पीएचसी- 2452
झोझूकलां सीएचसी- 3583
बलकरा पीएचसी- 2696
संतोकपुरा पीएचसी- 2458
मानकावास पीएचसी- 2143
माईकलां पीएचसी- 3369
गोपी सीएचसी- 2874
बाढड़ा पीएचसी- 3633
हड़ौदी पीएचसी- 2580
कादमा पीएचसी-2382
छपार पीएचसी- 2063
जिले में 18 वर्ष से अधिक उम्र के करीब तीन लाख 90 हजार लोग हैं। इनमें से करीब 56 हजार लोग ऐसे हैं जिन्हें दूसरी डोज लगे नौ माह का समय बीत चुका है और इन्हीं को बूस्टर डोज लगनी है। जल्द से जल्द इन्हें कवर करने की हमारी योजना है।
-डॉ. आशीष मान, डिप्टी सीएमओ एवं जिला वैक्सीनेशन प्रभारी