उपायुक्त ने दिए संबंधित विभागों को संयुक्त चेकिंग के निर्देश, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
चरखी दादरी।
चरखी दादरी। जिले में अवैध खनन (माइनिंग) और ओवरलोडिंग पर पूरी तरह से लगाम लगाई जाए। इस मामले में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये निर्देश उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने बुधवार को अपने कार्यालय में माइनिंग संबंधी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधिकारियों से अब तक की गई चेकिंग की रिपोर्ट भी मांगी। उन्होंने खनन अधिकारी को निर्देश दिए कि चेकिंग स्थलों का विवरण फोटो और साक्ष्यों सहित रोजाना की रिपोर्ट में दें।
उपायुक्त ने कहा कि अवैध माइनिंग और ओवरलोडिंग को लेकर अधिक से अधिक चालान और लगातार निगरानी रखी जाए। चेकिंग टीमों में आरटीए, वन विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को भी शामिल किया जाए ताकि व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा सके।
डॉ. नागपाल ने वन विभाग को निर्देश दिए कि वे अपनी भूमि का निरीक्षण करें और यदि किसी भी स्थान पर अवैध खनन हो रहा है तो उसे तुरंत प्रभाव से बंद करवाएं। साथ ही, जिन माइन क्षेत्रों को सरकार ने अलॉट किया है, उनकी स्पष्ट निशानदेही की जाए। अगर कोई माइन तय सीमा से बाहर जाकर खनन कर रही है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
बैठक में एसडीएम योगेश सैनी, आशीष सांगवान, खनन अधिकारी, जिला वन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
फोटो- 1