चरखी दादरी में गत बुधवार को आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक में सस्पेंड किए गए खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक विभाग के निरीक्षक बिजेंद्र सिंह शुक्रवार को बौंदकलां पहुंचे श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक के समक्ष पेश हुए। उन्होंने राशन डिपो पर गलत कार्रवाई करने के मामले में खुद को बेकसूर बताते हुए सस्पेंशन ऑर्डर वापस लेने की गुहार लगाई। वहीं, मंत्री अनूप धानक ने कहा कि मामले की जांच रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही वो कोई आदेश देंगे।
जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक ने किया था सस्पेंड
श्रम एवं रोजगार मंत्री अनूप धानक गत बुधवार को चरखी दादरी में कष्ट निवारण समिति की बैठक लेने पहुंचे थे। डिपो होल्डर पर गलत कार्रवाई का मामला लगातार दूसरे बैठक में उनकी संज्ञान में आने पर उन्होंने खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक विभाग के निरीक्षक बिजेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया था।
संत कबीर दास जयंती समारोह का निमंत्रण देने बौंदकलां पहुंचे मंत्री
श्रम एवं रोजगार मंत्री शुक्रवार सुबह भिवानी में 4 जून को आयोजित होने वाले संत कबीर दास जयंती समारोह का निमंत्रण देने बौंदकलां पहुंचे। वहां उन्होंने खुला दरबार लगाकर समस्याएं भी सुनीं। उसी दौरान बिजेंद्र सिंह उनके समक्ष पेश हुए। उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मंत्री जी, इस मामले में मैं बेकसूर हूं। इस पर मंत्री अनूप धानक ने कहा कि इस मामले की जांच एडीसी की अध्यक्षता में गठित कमेटी कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कोई निर्णय लेंगे।