चरखी दादरी। उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने जिलावासियों से अपील की है कि घबराहट में ईंधन की अनावश्यक खरीदारी न करें। पर्याप्त भंडार उपलब्ध होने के कारण केवल आवश्यकता अनुसार ही खरीदारी करें, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे। जिले में एलपीजी, पेट्रोल व डीजल आदि सभी पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है।
उन्होंने कहा कि ईंधन की कमी को लेकर अफवाह फैलाने, जमाखोरी या ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा लगातार पेट्रोल पंपों व गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया जा रहा है और सप्लाई चेन की निगरानी की जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करने वालों पर भी कार्रवाई होगी। गैस के मामले में आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी समस्या के लिए 01250-295501 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में 8 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। शुक्रवार को जिले में कुल 3660 एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिनमें से 1044 गैस सिलिंडर ट्रांजिट में है। जिले में सिलिंडरों की मांग 1913 रही।