फोटो 06 उपस्वास्थ्य केंद्र भवन बनाने की परियोजना का शिलान्यास करते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। संवाद
- पुराने भवन जर्जर होने से चौपाल और लोगों के घरों में बैठकर उपचार करने के लिए विवश है स्टाफ, नए भवन बनने से 20 हजार की आबादी को होगा फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के 5 गांवों को जल्द ही नए उपस्वास्थ्य केंद्र भवन की सौगात मिलेगी। 3.13 करोड़ की परियोजना की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को आधारशिला रख दी है। अब जल्द ही पंचायती राज विभाग धरातल पर काम शुरू करवा देगा। वहीं, पांचों केंद्रों के नए भवन बनने से करीब 20 हजार लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
जिले के 25 गांवों में उपस्वास्थ्य केंद्र के नए भवन बनने हैं। इनमें से 19 भवनों के निर्माण के लिए 11.16 करोड़ के एस्टीमेट को स्वीकृति मिल चुकी है। हालांकि, कुछ गांवों में अभी जगह चयन को लेकर पेच फंसा है। वहीं, 5 गांव ऐसे हैं, जहां सभी अड़चनें दूर हो चुकी हैं। इन गांवों में उपस्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने आधारशिला रख दी है।
दरअसल, नए उपस्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण पंचायती राज विभाग की ओर से करवाया जाना है। मुख्यमंत्री ने चिड़िया, खेड़ीबूरा, बधवाना, कलियाणा व चंदेनी गांव में बनने वाले भवन की आधारशिला रखी है। लगभग प्रत्येक भवन पर 55 लाख रुपये का बजट खर्च होगा।
- दो साल बाद सिरे चढ़ेगी योजना
स्वास्थ्य विभाग ने उपस्वास्थ्य केंद्र के नए भवन बनवाने की योजना करीब दो साल पहले तैयार की थी। लंबे समय तक उपस्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन निर्माण की प्रक्रिया ठंडे बस्ते में रही। वहीं, विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यालय की ओर से इस परियोजना को स्वीकृति दी गई। आचार संहिता हटने के बाद पंचायती राज विभाग की ओर से निविदा आमंत्रित की गई। अब जाकर इनकी आधारशिला रखी गई है।
- इन 14 गांवों में भी बनने हैं नए भवन
जीतपुरा-भारीवास, बौंदखुर्द, घसौला, मकड़ाना, मौड़ी, चांगरोड, ऊण, मिसरी, रावलधी, फतेहगढ़, सांजरवास व बास आदि गांवों में भी उपस्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण करवाया जाना है।
- मरीजों के साथ स्टाफ को भी मिलेगी राहत
उपस्वास्थ्य केंद्रों के पुराने भवन लंबे समय से जर्जर हैं। ज्यादातर गांवों में तो स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ पुराने भवनों में बैठ भी नहीं रहा है। भवन की कमी के चलते स्टाफ किसी गांव में चौपाल में बैठ रहा है तो किसी में ग्रामीणों के घर बैठकर मरीजों का उपचार करना पड़ रहा है। नए भवन बनने के बाद मरीजों के साथ स्टाफ को भी परेशानियों से छुटकारा मिलेगा।
वर्सन:
पंचायतीराज संस्थान की ओर से 5 गांवों में उपस्वास्थ्य केंद्र के नए भवन बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इनकी आधारशिला रख दी है। अब जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
-डॉ. संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ, जिला स्वास्थ्य विभाग