संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। सिविल अस्पताल परिसर में नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट के मामले में वीरवार को नर्सिंग स्टाफ एसोसिएशन और अन्य स्टाफ ने दो घंटे की हड़ताल की। इसके चलते जच्चा-बच्चा के पास बना लेबर रूम बंद रहा, जबकि ब्लड शुगर जांच, टीकाकरण, ईसीजी आदि सेवाएं प्रभावित रहीं।
इस मामले को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारी से मुलाकात कर आरोपियों को तुरंत प्रभाव से गिरफ्तार करने की मांग उठाई। इसके साथ ही शुक्रवार को पूरे दिन हड़ताल पर जाने की चेतावनी भी दी।
वीरवार सुबह दस बजे नर्सिंग स्टाफ व एसोसिएशन के सदस्य नागरिक अस्पताल के मुख्य द्वार पर इकट्ठा हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने धरना शुरू किया जो 12 बजे तक चला। प्रदर्शन में एसोसिएशन सचिव नीतू श्योराण, संतरा देवी, बीरमती देवी, राजेश कुमारी, किन्नू, मंजू, दयावंती, राजवंती व सुशीला देवी आदि मौजूद रही।
यह है मामला
रविवार को नर्सिंग अधिकारी सुशीला जच्चा बच्चा वार्ड में निरीक्षण कर रही रही थी। तभी वहां भर्ती बिरोहड़ निवासी एक महिला के साथ आए पुरुष को उन्होंने वार्ड से बाहर जाने की बात कही। इस बात को लेकर विवाद हो गया। नर्सिंग ऑफिसर ने दूसरे पक्ष पर सिर में हेलमेट मारने, दुर्व्यवहार करने व धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया। इस मामले में अभी आरोपी पक्ष की गिरफ्तारी नहीं हुई है।