संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। डीसी मनदीप कौर ने वीरवार सुबह लघु सचिवालय में दो घंटे समाधान शिविर लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं। उनके समक्ष 45 फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखते हुए समाधान की गुहार लगाई। एक बीपीएल कार्डधारक ने बताया कि वह लोन का भुगतान कर चुका है, जबकि अभी भी राशि लंबित दर्शाई जा रही है। इस पर संज्ञान लेकर डीसी ने एलडीएम को तलब कर लिया। वहीं, एलडीएम ने बताया कि संबंधित बैंक से विवरण मांगा है।
समाधान शिविर में उपायुक्त ने बौंदकलां में जल निकासी की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करने के आदेश दिए गए। इसके अलावा उपायुक्त ने 152 डी राजमार्ग के लिए अधिग्रहण की गई जमीन के मुआवज का त्वरित समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि यह विषय कोर्ट में विचाराधीन है, जैसे ही निर्णय आएगा तत्काल मुआवजा वितरण कर दिया जाएगा।
समसपुर में प्लाटों का मालिकाना हक देने के लिए पंचायत विभाग को समयबद्ध तरीके कार्य करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ, एडीसी डॉ जयेंद्र छिल्लर, सीईओ जिला परिषद प्रदीप कौशिक, सीटीएम आशीष सांगवान, एसडीएम नवीन कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में आई प्रत्येक शिकायत का हो समाधान
वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में 45 शिकायतें आईं। जमीन के विवाद, अवैध कब्जे, परिवार पहचान पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जल आपूर्ति, पारिवारिक विवाद जैसी समस्याओं की सुनवाई करते हुए निवारण किया गया। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन और परिवार पहचान पत्र में शुद्धिकरण की समस्याओं का निपटारा भी किया गया। डीसी मनदीप कौर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त हर शिकायत को पूरी प्राथमिकता देते हुए उसका निवारण करें और उनके कार्यालय को सूचित करें। समाधान शिविरों में तत्काल हो रहे समाधान से आमजन का सरकार और प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। यही हमारा दायित्व है कि आमजन को तत्काल राहत प्रदान करें।
फोटो 37
लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्यां सुनतीं उपायुक्त मनदीप कौर। स्रोत: जनसंपर्क विभाग