चरखी दादरी। गांव बिरही कलां के खेल स्टेडियम को कूड़ा डालने की जगह बनाए जाने का मामला सामने आया है। खिलाड़ियों का आरोप है कि पिछले करीब चार महीनों से खेल मैदान में लगातार कूड़ा डाला जा रहा है जिसके कारण मैदान गंदगी से भर गया है और खिलाड़ियों को अभ्यास करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस मैदान में गांव के युवा सुबह-शाम खेल गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपने भविष्य को संवारने का प्रयास करते हैं वहीं अब चारों तरफ कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं। मैदान में फैली गंदगी और दुर्गंध के कारण खिलाड़ियों का वहां पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है। इस मामले को लेकर अधिवक्ता अंकित सांगवान ने लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि खेल स्टेडियम गांव की युवाशक्ति और खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण स्थान होता है, लेकिन उसे कूड़ाघर में बदल देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को खेल मैदान की साफ-सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी चाहिए थी लेकिन लंबे समय से इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। अंकित सांगवान ने कहा कि गांव के युवा लगातार इस समस्या को उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन शुरू किया जाएगा।