चरखी दादरी। खेल विभाग की ओर से निजी व राजकीय खेल नर्सरियों का संचालन शुरू किया गया है और अब विभाग ने नर्सरियों के निरीक्षण की योजना तैयार की है। इसके लिए कुछ बिंदु तय किए गए हैं और इनके आधार पर नर्सरियों का निरीक्षण किया जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए विभाग की ओर से सुविधा प्रदान की जा रही हैं और जिसमें उनकी ड्रेस मुख्य बिंदु है। विभाग की ओर से हर माह हर एक नर्सरी का दो बार निरीक्षण किया जाएगा। इसमें तय किए गए बिंदुओं पर समीक्षा होगी और कमी पाए जाने पर कोच इसके जिम्मेदार रहेंगे। विभाग की ओर प्रदान की गई सुविधाओं का अगर अभाव पाया जाता है तो कोच पर विभागीय कार्रवाई होगी।
इसके अलावा खिलाड़ियों से भी बातचीत की जाएगी और उनका खेल अभ्यास भी जांचा जाएगा। खिलाड़ियों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी बताया जाएगा।
योजना के तहत मंगलवार को डीएसओ ने अचीना, भागेश्वरी, झिंझर, दादरी आदि खेल नर्सरियों में निरीक्षण किया और खेल सुविधाओं की जांच की। हालांकि, नर्सरी नई होने के कारण खामियां सुधारने के निर्देश दिए गए। सभी में खिलाड़ियों की संख्या औसत मिली। ड्रेस कोड भी लगभग सही रहा और खेल मैदान भी उचित पाए गए। साथ ही खिलाड़ियों से भी एक माह अनुभव जाना।
इन बिंदुओं पर तय होगा निरीक्षण
- कोच पूरी ड्रेस में आता है या नहीं।
- खिलाड़ी पूरी ड्रेस में हैं या नहीं।
- खेल उपकरणों की उपलब्धता कितनी है।
- खेल मैदानों की क्या स्थिति है।
- खिलाड़ियों की संख्या कितनी है।
- हाजिरी रजिस्टर हैं या नहीं और कितने खिलाड़ी नियमित हैं।
-जिले में 51 नर्सरियों का संचालन शुरू हो चुका है और अब इनका निरीक्षण कर इनमें खेल सुविधाएं व अन्य जांच की जाएगी। साथ ही तय किए पैमानों पर खरे न उतरने वाले कोच के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई होगी और हर नर्सरी की महीने में दो बार जांच की जाएगी।
- संधूबाला, डीएसओ, खेल विभाग