चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार निर्देशन में जिले में अपराध एवं अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ ने एक युवक को अवैध देसी कट्टा (पिस्टल) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बलवान निवासी गांव रामबास, दादरी के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि वीरवार को स्पेशल स्टाफ की टीम हेड कांस्टेबल श्रीभगवान, सिपाही दीपक, सिपाही अनूप और चालक ईएएसआई राजेश सरकारी वाहन में गश्त व अपराधों की रोकथाम के लिए रावलधी चौक क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांव रामबास निवासी बलवान अपने पास अवैध हथियार लेकर दादरी-रोहतक रोड पर रावलधी गांव के पास नहर पुल के निकट खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस वाहन को देखकर संदिग्ध युवक वहां से तेजी से निकलने लगा, लेकिन टीम ने उसे पीछा कर काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान बलवान निवासी रामबास के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान उसकी पायजामे की दाहिनी जेब से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस द्वारा हथियार का लाइसेंस मांगने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर सील कर दिया और आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उससे अवैध हथियार के स्रोत और अन्य संभावित मामलों को लेकर पूछताछ की जा रही है।