शहर पुलिस थाना में पहुंचे एसपी अर्श वर्मा पुलिस अधिकारियों की बैठक लेते हुए। स्रोत : विभाग
कोर्ट रोड स्थित शहर और यातायात पुलिस थाना में सोमवार को पहुंचे अर्श वर्मा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जवानों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने सोमवार को एक परिसर में संचालित शहर और यातायात पुलिस थाना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दोनों थानों में तैनात जवानों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी ने थाना परिसर, एमएचसी कक्ष, मालखाना, हवालात और कंप्यूटर कक्ष की व्यवस्थाएं जांचीं। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना मोहर्रिर से रिकॉर्ड की जानकारी लेते हुए साफ-सफाई और स्वच्छता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुसंधानकर्ताओं से कहा कि लंबित मुकदमों का व आमजन की लंबित शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा करें।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पीएम व सीएम विंडो समेत अन्य शिकायतों का समय पर समाधान करें। उन्होंने ग्राम प्रहरी एप पर नियमित रिकॉर्ड अपडेट करने के लिए भी कहा। वहीं, अनुसंधान के दौरान अनुसंधानकर्ता के समक्ष उत्पन्न समस्याओं को भी सुना।
उन्होंने थाना प्रबंधक को साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायत लेकर आने वाले आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का समाधान करें। एसपी ने जवानों के रहन-सहन की व्यवस्था देखने के साथ रसोईघर की भी जांच की।