केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का फर्जी लेटर हेड बनाकर चाचा के लिए सीएम से भाजपा का टिकट मांगना हरियाणा पुलिस के एक सिपाही को भारी पड़ गया है। मुख्यमंत्री के उड़न दस्ते के डीएसपी ने बुधवार को चरखी दादरी के बौंद कलां थाना क्षेत्र निवासी सिपाही गोपाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके चाचा-भतीजे को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने देर रात उस कंप्यूटर की दुकान में छापा मारा जहां से फर्जी पत्र तैयार कराया गया था। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी के अनुसार सिपाही गोपाल भारद्वाज 11 साल पहले हरियाणा पुलिस में भर्ती हुआ है। इस समय वह रेवाड़ी विजिलेंस में तैनात है।
उसने अपने चाचा हरिओम भारद्वाज को भाजपा से टिकट दिलाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का फर्जी पत्र तैयार कर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भेजा। इसमें हरिओम भारद्वाज को भाजपा से टिकट दिलाने के लिए लिखा गया था। मुख्यमंत्री को मामला संदिग्ध लगा तो उन्होंने मामले की जांच अपने उड़ने दस्ते को दे दी। उड़न दस्ते की ओर से जांच पूरी करने के बाद मामला दर्ज किया गया है।
भाजपा का सक्रिय सदस्य भी नहीं है हरिओम
छानबीन में पुलिस को पता चला है कि हरिओम के पास भाजपा की कोई जिम्मेदारी नहीं है। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि हरिओम पार्टी का सदस्य भी नहीं है।
जांच में सिपाही गोपाल की ओर से फर्जी पत्र तैयार करने का मामला सामने आया है। पुलिस चाचा और भतीजे को रिमांड पर लेकर छानबीन कर रही है।
- अजीत सिंह, डीएसपी मुख्यमंत्री फ्लाइंग स्क्वायड रोहतक।