जनस्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया सीवर लाइनों की रुकावटें दूर करने का काम, शहर की सभी मुख्य लाइनों की होगी सफाई
- पार्षदों संग जायजा लेने पहुंचे नगर परिषद चेयरमैन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर की ठप पड़ी मेन सीवर लाइनों की ब्लॉकेज सुपर सकर मशीन से खोलने की कवायद जनस्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है।
चेयरमैन बक्शीराम सैनी की मानें तो करीब 2.80 करोड़ से पूरे शहर की सीवर लाइनें साफ होनी हैं। टेंडर के तहत ही सुपर सकर मशीन सफाई के लिए दादरी पहुंची है। सीएम नायब सिंह सैनी के समक्ष सीवर समस्या रखी गई थी। वहीं, नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने विभिन्न पार्षदों के साथ पहुंचकर लाइनों की ब्लॉकेज खोलने के कार्य का निरीक्षण किया।
शहर की बात करें तो इस समय करीब 50 सीवर मैनहोल लाइन ब्लॉकेज के चलते ओवरफ्लो कर रहे हैं। ब्लॉकेज बड़ी होने के चलते जेटिंग मशीन कारगर सिद्ध नहीं हो रही है। इससे जनस्वास्थ्य विभाग ने अब कुछ दिन के लिए सुपर सकर मशीन का प्रबंध किया है। यह मशीन विभाग को कुछ दिनों के लिए मिली है। इसका लाभ लेते हुए लाइनों की ब्लॉकेज खोलने का काम शुरू कर दिया गया है।
वहीं, विभागीय अधिकारी प्रतिदिन मशीन चलाने का शेड्यूल भी तैयार कर रहे हैं। ताकि, जल्द से जल्द सीवर ब्लॉकेज समस्या वाले शहर के सभी वार्ड कवर किए जा सकें। यह मशीन कुछ दिनों बाद वापस भेज दी जाएगी।
शहर में इस समय सभी वार्डों व बाजारों में सीवर लाइनें ठप पड़ी हैं। मेन लाइन भी गाद व कचरे से अटी पड़ी है। सीवर लाइनें बैक मारने से सड़कों व गलियों में पानी भरा हुआ है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक माह से अधिक समय बीतने पर भी कुछ जगहों पर सीवर समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
- विभाग के पास हैं तीन छोटी मशीनें
जनस्वास्थ्य विभाग के पास इस समय तीन छोटे स्तर की मशीनें हैं। इनमें साधारण सुपर सकर मशीन, जेटिंग मशीन व ट्रैक्टर जेटिंग मशीनें शामिल हैं। इन मशीनों से लाइनों की ब्लॉकेज नहीं खुल नहीं पा रही है। ये मशीन सीवर के दूषित पानी का टैंकर के जरिये उठान तो कर देती हैं, लेकिन, गाद व अन्य कचरे की वजह से सीवर फिर भर जाते हैं। ऐसे में ये छोटे स्तर की मशीनें कारगर साबित नहीं हो पा रही हैं।
- चिड़िया रोड से लोहारू चौक सड़क से की शुरुआत
चिड़िया रोड से लोहारू चौक सड़क से ब्लॉकेज खोलने की शुरुआत की गई। वहीं, नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी पार्षद विनोद वाल्मीकि, प्रवीण स्वामी, पार्षद कुलदीप सैनी, पार्षद प्रतिनिधि जतिन फोगाट, मनोज गर्ग, पार्षद सुमन व अंजू के साथ यहां पहुंचे और उन्होंने ब्लॉकेज खोलने के कार्य का जायजा लिया। उन्होंने टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
वर्सन:
जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर की सीवर लाइनों की सफाई का टेंडर आमंत्रित किया था। करीब 2.80 करोड़ से पूरे शहर की सीवर लाइनें साफ कराई जाएंगी और इसके तहत ही सुपर सकर मशीन पहुंची हैं। शुक्रवार को पार्षदों के साथ मैंने चल रहे कार्य का जायजा भी लिया।
-बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, दादरी नगर परिषद
फोटो 29
सुपर सकर मशीन से खोली जा रही लाइन ब्लॉकेज कार्य का जायजा लेते चेयरमैन बक्शीराम सैनी व पार्षद विनोद वाल्मीकि। स्रोत : चेयरमैन