चरखी दादरी। वार्ड-16 में शराब के नशे में पहले एक युवक ने अपने परिजनों के साथ मारपीट की और उसके बाद मदद के लिए पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस संबंध में दादरी सिटी थाने में आरोपी जितेंद्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
सिटी थाने में दर्ज हुए मामले के अनुसार घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात मूलरूप से खातीवास निवासी और फिलहाल शहर के वार्ड-16 में रहने वाले जयसिंह ने मदद मांगी थी। कॉल कर जयसिंह ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा जितेंद्र शराब के नशे में है और परिजनों के साथ मारपीट कर रहा है।
सूचना के आधार पर एसएचओ राजकुमार, हेड कांस्टेबल हरिओम व अशोक, चालक सिपाही संजीव व सुनील के साथ वार्ड-16 पहुंचे। एसएचओ के अनुसार उस समय भी जितेंद्र अपने परिजनों के साथ मारपीट कर रहा था। हाथापाई और गिरने से उसे चोटें लगी हुई थीं। उसे जब पुलिस कर्मचारियों ने काबू करने का प्रयास किया तो वह एसएचओ व अन्य कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान उसने एसएचओ की वर्दी फाड़ दी और पेट व सिरे में मुक्के भी मारे। बचाव करने आए हेड कांस्टेबल अशोक कुमार को जितेंद्र ने दांतों से काट लिया।
एसएचओ को तीन और हेड कांस्टेबल को एक जगह लगी चोट
एफआईआर के अनुसार आरोपी ने एसएचओ राजकुमार के मुंह, पेट और सिर में मुक्के मारे। इतना ही नहीं आरोपी ने कहा कि मैं तेरे लड़के को अच्छे से जानता हूं। मिलते ही उसे मार दूंगा। वहीं, आरोपी की ओर से की गई मारपीट में एसएचओ राजकुमार को तीन और हेड कांस्टेबल अशोक कुमार को एक जगह चोट लगी।