पूर्ण मार्केट स्थित मोबाइल शॉप में हुई चोरी की घटना को चार दिन बीत जाने पर भी पुलिस सुलझा नहीं पाई है। सोमवार को मार्केट के दुकानदारों ने अल्पकाल के लिए दुकानें बंद रखकर शहर की सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने लघु सचिवालय पहुंचकर डीएसपी हेड क्वार्टर जोगेंद्र सिंह से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर बाजार बंद रखने की चेतावनी दी गई है।
डीएसपी को सौंपे ज्ञापन में दुकानदारों ने बताया कि गत 12 दिसंबर की रात्रि गली नंबर तीन स्थित एक मोबाइल शॉप से चोरों ने करीब साढ़े तीन लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए थे। इसकी लिखित शिकायत भी दुकानदार ने सिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाई थी और दुकान के अंदर की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस उपलब्ध करवा दी गई थी। चार दिन बीतने के बाद भी इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है और इसके चलते पूर्ण मार्केट सहित बस स्टैंड रोड के दुकानदारों में रोष बना हुआ है।
सोमवार दोपहर दुकानदार पूर्ण मार्केट में एकत्रित हुए और रोष सभा का आयोजन किया। सभा की अध्यक्षता पूर्ण मार्केट व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप फौगाट ने की। इसके बाद मार्केट की दुकानों को अल्पकाल के लिए बंद करते हुए नगर में विरोध प्रदर्शन किया गया। मार्केट प्रधान संदीप फौगाट, दादरी व्यापार मंडल कार्यकारिणी प्रधान रविंद्र गुप्ता, उपप्रधान मनफूल शर्मा के नेतृत्व में सभी दुकानदार कोर्ट कांप्लेक्स पहुंचे और मांगपत्र डीएसपी जोगेंद्र सिंह को सौंपा। इसमें उनके केस की जांच सीआईए से कराने सहित बढ़ती चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई। इस मौके पर बाबू लाल वर्मा, जयकिशन शर्मा, सुनील, हैप्पी, राहुल, राजेश जांगडा, विकास दलाल, मंजीत, सोनू, राहुल अहलावत, अजय, प्रदीप, संदीप अरोडा, कृष्ण जांगडा, गिरिश, जय, संजय वर्मा, महेंद्र, सतीश गाबा, गांधी, मेसू, मुकेश व मोनू फतेहगढ़ आदि उपस्थित थे।