चरखी दादरी। जिले की तीन सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) को हॉटलाइन से जोड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बिजली निगम को दूसरा रिमाइंडर भेज दिया है। इससे पहले 30 जुलाई को पहला रिमाइंडर भेजा गया था। सीएचसी को हॉटलाइन से जोड़ने के लिए अब बिजली निगम के एस्टीमेट तैयार करने का इंतजार है।
इसके तुरंत बाद स्वीकृति के लिए मुख्यालय फाइल भेजी जाएगी। बता दें कि जिले में 17 मुख्य स्वास्थ्य केंद्र हैं, जिनमें सिविल अस्पताल व मातृ-शिशु अस्पताल के अलावा तीन सामुदायिक और 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। इस समय सिविल अस्पताल ही हॉटलाइन से जुड़ा है। दूसरे चरण में स्वास्थ्य विभाग तीनों सीएचसी को हॉटलाइन से जोड़ने जा रहा है। इसके लिए बिजली निगम को एस्टीमेट तैयार करने के लिए पत्र लिखा गया है।
दरअसल, सीएचसी में ग्रामीण शेड्यूल अनुसार बिजली आपूर्ति होती है और वहां दिन में बिजली कट लगने पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो जाती हैं। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ता है। हॉटलाइन से कनेक्ट होने के बाद सीएचसी पर आने वाले मरीजों को इन समस्याओं से राहत मिलेगी।
80 से 90 रहती है एक सीएचसी की ओपीडी
जिले के झोझूकलां, बौंदकलां और गोपी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। एक सीएचसी की दैनिक ओपीडी 80 से 90 के बीच रहती है। आने वाले समय में तीनों जगह एक्स-रे और अन्य सुविधाएं शुरू की जानी हैं और इसके चलते भी इन्हें हॉटलाइन से जुड़वाया जा रहा है।
तीनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हॉटलाइन से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए हमने बिजली निगम को दूसरा रिमाइंडर भेज दिया है। एस्टीमेट देते ही हम मुख्यालय भेज देंगे और स्वीकृति मिलते ही हॉटलाइन से सभी सीएचसी को जोड़ने की कवायद शुरू करवा दी जाएगी।
- डॉ. संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ, जिला स्वास्थ्य विभाग
स्वास्थ्य सेवाओं में जल्द से जल्द सुधार करवाया जाएगा। बिजली निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर जल्द सीएचसी पर हॉटलाइन से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करवाई जाएगी जबकि मातृ-शिशु अस्पताल के बिजली कनेक्शन का लाड भी बढ़वाया जाएगा।
सुनील सांगवान, विधायक, दादरी हलका