चरखी-दादरी में गांव मिसरी में गोली चलाने मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मिसरी निवासी साहिल के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से मामले से संबंधित पूछताछ कर रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 5 नवंबर को बौंदकलां पुलिस थाने में फायरिंग करने की शिकायत मिली थी। इसमें मिसरी निवासी मोहित ने बताया कि 4 नवंबर शाम को वह पशुओं के लिए चारा लेकर पुराने घर से नए घर में आया था।
जब नए घर के पास पहुंचा तो पीछे एक बाइक रुकी और किसी ने उसे आवाज दी। जब उसने पीछे देखा तो बाइक सवार गांव निवासी रोहित उर्फ गुल्लू ने अवैध हथियार से गोली चला दी। इसमें गोली उसके दाहिने हाथ में लगी और बाद में अमन खन्ना ने भी उसके पैर में एक गोली मारी। घायल ने बताया कि वह बचाव के लिए चिल्लाते हुए घर में घुस गया। शोर सुनकर उसके दोस्त बलराम व सचिन ने छत से देखा तो बाइक पर रोहित के अलावा अमन खन्ना व नकाबपोश युवक था।
बाद में आरोपी उसे धमकी देकर चले गए। घायल होने पर उसके दोस्त उसे दादरी लेकर गए और वहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। मोहित ने बताया कि दो दिन पहले बस अड्डे पर उसकी अंकित उर्फ खोटा के साथ कहासुनी हुई थी और उसने जान से मारने की धमकी दी थी। घटना से पहले रिंकू उर्फ काला ने घर के बाहर कई चक्कर लगाए। इस मामले में पुलिस 20 नवंबर को मिसरी निवासी रोहित उर्फ कालू को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की थी। अब 25 नवंबर को आरोपी साहिल को दबोचा है।