चरखी दादरी। उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने चरखी दादरी व बाढड़ा उपमंडल अधिकारियों (नागरिक) को पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनसेवा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु कार्यालयों के नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश जनहित, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपने कार्यालयों के साथ-साथ अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी अधीनस्थ कार्यालयों का नियमित निरीक्षण करने बारे दिए गए हैं।
डॉ. नागपाल द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार अधिकारी निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति, कार्यालय परिसर की स्वच्छता, निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का अनुपालन, कार्य में पारदर्शिता तथा सेवा वितरण की गुणवत्ता की विशेष रूप से समीक्षा करेंगे। साथ ही आवश्यक औपचारिकताओं एवं व्यवस्थाओं में पाई जाने वाली कमियों को तत्काल प्रभाव से दूर करने की हिदायत दी गई है। इसका उद्देश्य कार्यालयी कार्यप्रणाली में सुधार लाना, सेवा वितरण को प्रभावी बनाना तथा नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सुविधा प्रदान करना है।
उपायुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि कार्यालय निरीक्षण या निर्धारित जन सुनवाई के दौरान जनता से नियमित संवाद हो, जिससे उनकी समस्याओं की पहचान, रोकथाम एवं त्वरित समाधान संभव हो सके। शिकायतों के निवारण में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने जारी हिदायतों में कहा है कि निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाए ताकि सुशासन की भावना के अनुरूप जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।