चरखी दादरी। लोहारू और महेंद्रगढ़ चौक के समीप गामड़ी क्षेत्र निवासी किशोर शौर्य की मौत हुई थी। इस मामले में अब नया मोड़ आया है। पहले शौर्य की मौत गोवंश की टक्कर से होने के कयास लगाए जा रहे थे। परिजनों ने अपने स्तर पर पता किया तो सामने आया कि शौर्य की स्कूटी को गलत दिशा में आ रहे ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मारी थी। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में गामड़ी क्षेत्र निवासी संदीप ने बताया कि 13 अक्तूबर को उसका बेटा शौर्य स्कूटी पर सवार होकर दादा के घर से गामड़ी आने के लिए चला था। कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि शौर्य की सड़क हादसे में मौत हो गई है। संदीप ने बताया कि उन्हें लगा कि शौर्य की मौत गोवंश की टक्कर से हुई है और पोस्टमार्टम के दौरान भी उन्होंने ये ही बयान दिए।
इसके बाद जब उन्होंने अपने स्तर पर तसल्ली की तो पता चला कि शौर्य की स्कूटी को गलत दिशा में आ रहे एक ट्रैक्टर सवार ने टक्कर मारी है। ट्रैक्टर घसोला निवासी अजीत का है जबकि घटना के समय इसे घसोला निवासी कुलदीप उर्फ गोधू चला रहा था। संदीप ने पुलिस से ट्रैक्टर चालक पर कार्रवाई की मांग की और उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।