उपमंडल पशु चिकित्सालय में आयोजित बैठक में भागीदारी करते पशु चिकित्सक।
- फोटो : 1
बाढड़ा। आकांक्षी ब्लॉक बाढड़ा में संपूर्णता अभियान 2.0 के लक्ष्यों को समय सीमा से पूर्व शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए गतिविधियां तेज कर दी गई हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को नीति आयोग के एस्पिरेशनल ब्लॉक फेलो मणि प्रकाश की अध्यक्षता में उपमंडल पशु चिकित्सालय में पशुपालन विभाग के अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और वीएलडीए के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मणि प्रकाश ने बताया कि पशुपालन विभाग ने फरवरी माह के लिए निर्धारित टीकाकरण के लक्ष्य को 98 प्रशिशत पूरा कर लिया है। बैठक में मौजूद डॉ. सहीराम श्योराण और अन्य पशु चिकित्सकों ने अब तक की प्रगति का ब्योरा साझा किया।
मणि प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान की विस्तृत समीक्षा और आगामी रणनीति तय करने हेतु एसडीएम आशीष सांगवान आगामी छह अप्रैल को सभी संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में सभी विभागों के संकेतकों की गहन जांच की जाएगी। बैठक में डॉ. सहीराम श्योराण द्वारा वैक्सीन की कमी का मुद्दा उठाया गया ताकि 14 अप्रैल तक शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके। इस पर अंबुजा फाउंडेशन के प्रतिनिधि बंटी योगी ने आश्वासन दिया कि फाउंडेशन द्वारा गोद लिए गए 15 गांवों के समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम के तहत यदि टीकाकरण के लिए अतिरिक्त दवाओं या वैक्सीन की आवश्यकता पड़ती है, तो फाउंडेशन उसे उपलब्ध कराएगा।
मणि प्रकाश ने विश्वास जताया कि प्रशासन और सामाजिक संस्थाओं के आपसी समन्वय से 14 अप्रैल तक बाढड़ा खंड 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करेगा। पशुपालन विभाग ने 98 प्रतिशत टीकाकरण लक्ष्य हासिल किया। इस अवसर पर डाॅ. सुनील आजारिया, डाॅ. अमित वर्मा, डाॅ. अजय गोस्वामी, डाॅ. प्रीति श्योराण, डॉ. अशोक, राजेंद्र सिंह बीएलईओ, कार्यालय सहायक प्रदीप कुमार आदि मौजूद रहे।