संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। त्योहारी सीजन के मद्देनजर जिला खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित तीन मिष्ठान भंडार से मिठाइयों के सैंपल लिए। विभाग की इस कार्रवाई से शहर के मिष्ठान भंडार संचालकों में हड़कंप मचा रहा। यहां से लिए गुलाब जामुन, रसगुल्ला और पतीसा बर्फी के सैंपल टीम ने लिए। इन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा और रिपोर्ट के अनुसार अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षक डॉ. पुनीत शर्मा ने बताया कि त्योहार के सीजन को देखते हुए विभाग की टीम ने विभिन्न जगहों पर निरीक्षण कर खाद्य वस्तुओं के सैंपल लिए। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटी मिठाइयों व खाद्य सामग्री की बिक्री होने के अंदेशा पर कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह शहर के तीन मुख्य मिष्ठान भंडार से सैंपल लिए गए। इनमें कांहा स्वीट्स, राजल स्वीट्स और बीकानेर मिष्ठान भंडार शामिल हैं। छह घंटे चली कार्रवाई में तीनों प्रतिष्ठानों से तीन सैंपल लिए गए। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और टीम का प्रयास रहेगा की त्योहारी सीजन के मद्देनजर पूरे जिले को कवर किया जाए।
मिलावट खाद्य सामग्री बेचने की दें सूचना
डॉ. पुनीत शर्मा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगर कोई मिलावटी मिठाई या अन्य खाद्य सामग्री बेचता है तो इसकी सूचना तत्काल फूड सेफ्टी विभाग को दें। इसके तुरंत बाद टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।