नाके पर जांच करते हुए पुलिसकर्मी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में अपराधियों और नशा तस्करों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने 20 और 21 अक्तूबर की मध्यरात्रि को दादरी-लोहारू मार्ग पर नाका लाड में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। डीएसपी जसपाल सिंह के नेतृत्व में 16 पुलिसकर्मियों की टीम ने पूरी रात वाहनों की जांच की।
इस दौरान 31 वाहनों के दस्तावेज जांचे गए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर तीन वाहनों के चालान किए गए। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी. के दिशा-निर्देशों पर चलाए गए अभियान के दौरान निरीक्षक राजेंद्र सहित पुलिसकर्मी नाके पर तैनात रहे। टीम ने आने-जाने वाले वाहनों को रुकवाकर उनके दस्तावेजों की जांच की और संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली। अभियान का उद्देश्य जिले की सीमाओं पर सुरक्षा मजबूत करने के साथ नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना रहा।
डीएसपी जसपाल सिंह ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एसपी लोगेश कुमार पी. ने कहा कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में औचक नाकाबंदी और वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने आमजन से संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।