चरखी दादरी। जिले की नहरों में पानी पहुंचने के बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने जलघर के टैंकों को भरने की कवायद शुरू कर दी है। अगले दस दिन के अंदर सभी 58 जलघरों के टैंक पानी से लबालब होने की संभावना है। सिंचाई व जनस्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। शहर की बात करें तो चंपापुरी जलघर के टैंकों तक नहरी पानी पहुंच गया है और अब शहर में नहरी पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
सिंचाई विभाग ने मुख्यालय में 900 क्यूसेक पानी का इंडेंट (डिमांड) भेजी थी। इसके तहत जिले की नहरों में 700 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इस बार डिमांड से 200 क्यूसेक पानी कम मिला है, लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर पानी और मंगवा लिया जाएगा। जिले के ज्यादातर जलघर के टैंक पिछले सप्ताह ही सूख चुके हैं। इस सप्ताह हुई बारिश ने विभाग का साथ दिया और लगातार तीन दिन बारिश होने से पानी की खपत भी कम हुई। अब नहरों में पानी पहुंचने के बाद शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को पेयजल संकट से राहत मिलेगी। हालांकि पिछले नहरी टर्म में विभाग ने ज्यादातर जलघरों के टैंक भर दिए थे, लेकिन खपत के मुताबिक भंडारण क्षमता कम होने के चलते अगली टर्म से पहले ही ज्यादातर टैंक खाली हो गए थे। उस स्थिति में विभाग जिले में ट्यूबवेल के पानी की आपूर्ति कर रहा था। अधिकारियों का कहना है कि जलघरों के टैंक भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और अब नहरी पानी की आपूर्ति भी शुरू हो जाएगी।
75 लाख लीटर है दैनिक खपत
जिले में पानी की खपत करीब 75 लाख लीटर प्रतिदिन है। शहर में दो जलघर हैं और इनमें छह टैंक हैं। इन सभी टैंकों को भरने में 10 से 12 दिन का समय लग सकता है। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद अगले एक-दो दिन पानी की कम खपत का अनुमान है। शहरी जलघरों की भंडारण क्षमता 3700 लाख लीटर है।
शहर में 2000 से अधिक कैंपर रखते हैं आरओ प्लांट संचालक
इस समय दादरी शहर में पेयजल संकट सबसे बड़ी समस्या है। आलम यह है कि 40 फीसदी आबादी पेयजल संकट के कारण 400 रुपये में टैंकर खरीदने को विवश है। वहीं, पूरे बाजार के करीब दो हजार से अधिक दुकानदार 15 रुपये में आरओ प्लांट संचालकों से कैंपर रखवाने को विवश हैं।
नहरों में पानी पहुंच चुका है। इस बार 700 क्यूसेक पानी मिला है और जलघरों तक पानी पहुंचाने की कवायद शुरू कर दी गई है। साइट पर जाकर टीमें निगरानी भी कर रही हैं।
-ओमदत्त, एसडीओ, सिंचाई विभाग
नहरों में पानी पहुंचते ही हमने जलघरों को भरने की कवायद शुरू कर दी है। अब नहरी पानी की आपूर्ति करने में हमें कोई दिक्कत नहीं होगी। जल्द से जल्द जिले के सभी जलघरों को भरने का प्रयास है।
- रमेशचंद्र गौड़, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग