संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से संचालित हर घर-हर गृहिणी योजना अंत्योदय परिवारों की महिलाओं को रसोई में धुआं रहित स्वच्छ वातावरण देने में कारगर साबित होगी। इस योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवार की महिलाओं को 500 रुपये की रियायती दरों पर एलपीजी सिलिंडर हर महीने दिया जाएगा।
उपायुक्त मुनीश शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने बीपीएल परिवार की महिलाओं को प्रति माह 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने की हर घर-हर गृहिणी योजना शुरू कर दी है। अंत्योदय परिवारों की महिलाएं योजना के आधिकारिक पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवा रही हैं। बीपीएल परिवारों को स्वच्छ ईंधन मिले और महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार हो, इसी उद्देश्य से हर गृह-हर गृहिणी योजना का शुभारंभ किया गया है।
डीएफएससी ने बताया कि जिला में सरकार की ओर से एलपीजी कनेक्शन देने के लिए उज्ज्वला योजना पहले से शुरू की हुई थी। इसमें 500 रुपये में गैस कनेक्शन मिल जाता है। अब जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये या इससे कम है, वे महिला उपभोक्ता के नाम से हर घर-हर गृहिणी योजना का लाभ ले सकते हैं।