बस स्टैंड रोड स्थित डिवाइडर से उखड़ी पड़ी इंटरलोकिंग टाइलें।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। शहर में बारिश के बाद सड़कों पर हुए जलभराव का असर अब सड़क के बीच बने डिवाइडरों पर भी दिखाई देने लगा है।
कई प्रमुख मार्गों पर डिवाइडरों में लगी इंटरलॉकिंग टाइलें उखड़ कर सड़क किनारे बिखर गई हैं। कहीं टाइलें टूट चुकी हैं तो कहीं डिवाइडर के हिस्से से पूरी तरह निकल गई हैं। इसके चलते सड़क की सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी परेशानी बढ़ गई है।
शहरवासियों के अनुसार पिछले दिनों हुई बारिश के बाद कई स्थानों पर सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी थी। पानी भरने के कारण डिवाइडरों के आसपास की मिट्टी और बेस कमजोर हो गया। इसके चलते डिवाइडरों में लगी इंटरलॉकिंग टाइलें जगह-जगह से निकलने लगीं। कुछ स्थानों पर टाइलें उखड़ कर सड़क पर आ गई हैं जिससे वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है।
लोगों का कहना है कि शहर के मुख्य मार्गों पर बने डिवाइडर सड़क व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इन पर लगी टाइलें न केवल डिवाइडर को मजबूती प्रदान करती हैं बल्कि शहर की सुंदरता भी बढ़ाती हैं। लंबे समय तक मरम्मत न होने से अब कई जगह डिवाइडर बदहाल नजर आ रहे हैं। टूटे और उखड़े हिस्सों के कारण राहगीरों को ठोकर लग रही है।