शहर के रेलवे स्टेशन परिसर में रखे सफाई के मंगवाए उपकरण।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के नाम पर उत्तर-पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेल मंडल की ओर से रेलवे स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
स्टेशन परिसर को चकाचक और सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए रेलवे प्रशासन ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और संबंधित एजेंसी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। एजेंसी ने अपना कार्यभार संभालते हुए स्टेशन पर सफाई का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि पिछले काफी समय से यात्री स्टेशन परिसर में सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत कर रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए बीकानेर रेल मंडल ने इस बार सफाई कार्य का ठेका एक ऐसी एजेंसी को दिया है जो आधुनिक तकनीक और संसाधनों का उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एजेंसी ने स्टेशन पर सफाई के लिए विशेष तौर पर आधुनिक मशीनें और उपकरण मंगवाए हैं। इन मशीनों के उपयोग से न केवल स्टेशन के प्लेटफॉर्म, बल्कि प्रतीक्षालय, एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) और रेलवे ट्रैक के आसपास के क्षेत्रों की भी गहराई से सफाई संभव हो सकेगी।
नई एजेंसी ने कार्यभार संभालते ही सफाई कार्य में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त आठ कर्मचारियों की नियुक्ति की है। पहले जहां सीमित संख्या में कर्मचारी कार्यरत थे, वहीं अब दो शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है ताकि स्टेशन परिसर दिनभर साफ-सुथरा बना रहे। रेलवे स्टेशन के अधीक्षक ने जानकारी दी कि एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्वच्छता के मानकों में कोई समझौता न किया जाए।
परिसर में कूड़े के उचित निस्तारण के लिए भी नए डस्टबिन लगाए जा रहे हैं और कचरा प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था की जा रही है।