चरखी दादरी। जिले के स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वर्ष 2026-27 के लिए इंस्पायर अवार्ड्स-मानक योजना की शुरुआत कर दी गई है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार तथा हरियाणा स्कूल शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इस योजना के तहत अब कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थी अपने मौलिक वैज्ञानिक विचार प्रस्तुत कर सकेंगे। योजना के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जो 15 सितंबर तक चलेगी।
राज्य सरकार की ओर से जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करें। योजना में हरियाणा बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों से संबद्ध विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले सकेंगे। प्रत्येक विद्यालय अपने यहां से चयनित अधिकतम पांच श्रेष्ठ वैज्ञानिक विचारों को विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड कर सकेगा।
16 से 25 जुलाई तक होगी प्रतियोगिता
योजना के तहत सभी विद्यालयों में 16 जुलाई से 25 जुलाई तक विशेष आइडिया बॉक्स प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस दौरान विद्यार्थी समाज की विभिन्न समस्याओं के समाधान से जुड़े अपने मौलिक एवं व्यावहारिक वैज्ञानिक विचार प्रस्तुत करेंगे। विद्यालय स्तर पर विशेषज्ञों की समिति इन विचारों का मूल्यांकन करेगी और सर्वश्रेष्ठ पांच नवाचारों का चयन कर उन्हें इंस्पायर-मानक पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
25 जुलाई तक करना होगा पंजीकरण
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो विद्यालय अभी तक इंस्पायर-मानक पोर्टल पर पंजीकृत नहीं हैं, उन्हें 25 जुलाई तक अनिवार्य रूप से अपना पंजीकरण पूरा करना होगा। इसके बिना विद्यालय विद्यार्थियों के नवाचारों को पोर्टल पर अपलोड नहीं कर पाएंगे। सभी विद्यालयों को समय रहते आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अंतिम तिथि का इंतजार न करें स्कूल
हरियाणा स्कूल शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की अधिकारी वीनू शर्मा ने कहा कि विद्यालय अंतिम तिथि का इंतजार न करें। अंतिम दिनों में पोर्टल पर अधिक ट्रैफिक होने के कारण सर्वर संबंधी तकनीकी समस्याएं आ सकती हैं। इसलिए सभी विद्यालय समय रहते विद्यार्थियों के आइडिया अपलोड कर दें।
स्कूल मुखियाओं को निर्देश
जिला शिक्षा अधिकारी चौधरी धर्मेंद्र सिंह ने जिले के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों के मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि वे इंस्पायर मानक अवार्ड के तहत विद्यार्थियों के नवाचारों का ऑडियो और अन्य आवश्यक विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आज का दौर वैज्ञानिक सोच और नवाचार का है। इंस्पायर मानक जैसी योजनाएं विद्यार्थियों में बचपन से ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करती हैं तथा उन्हें नई खोज और आविष्कार की दिशा में प्रेरित करती हैं।