फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: चार केंद्रों पर होगी रबी फसलों की खरीद, तैयारी शुरू

Wed, 13 Mar 2024 02:40 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। रबी सीजन की फसलों की खरीद के लिए मार्केटिंग बोर्ड ने चार केंद्र बनाए हैं। सरसों की सरकारी खरीद मार्च के अंतिम सप्ताह में शुरू हो जाएगी जबकि गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू हो सकेगी। दादरी नई अनाज मंडी के अलावा झोझूकलां, बाढड़ा, बौंदकलां में खरीद केंद्र बनाए गए हैं।
विज्ञापन


अनाज की सरकारी खरीद करवाने के लिए अभी किसान मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा रहे हैं। इस बार जिले में सरसों का बिजाई रकबा पिछले वर्ष के बराबर है। इस बार जिले में करीब 12 लाख क्विंटल सरसों की पैदावार होने का अनुमान है।

जिले में मौजूदा रबी फसल सीजन में 1.60 लाख एकड़ में किसानों ने सरसों की बिजाई कर रखी है। गेहूं का रकबा एक लाख एकड़ है। बाकी क्षेत्र में जौ, मेथी, बरसीम, गन्ना, चना और सब्जियों की बिजाई की गई है। सबसे ज्यादा रकबा सरसों का है। उसके बाद गेहूं का रकबा है। जौ का क्षेत्रफल भी करीब तीन हजार एकड़ है। पिछले साल भी सरसों का रकबा इतना ही था।
विज्ञापन

सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर हर साल सरसों और गेहूं की सरकारी खरीद करती है। इस समय सरसों का खुले बाजार में भाव करीब 5,400 रुपये प्रति क्विंटल से ज्यादा है। इस बार भी सरसों की पैदावार सही होने का अनुमान है।
- 32,000 किसान करवा चुके पंजीकरण
जिले में 32,000 किसान इस पोर्टल पर पंजीकरण करवा चुके हैं। यह आंकड़ा दो से तीन हजार और बढ़ने की उम्मीद है। पंजीकरण के बाद ही सरकार टोकन सिस्टम से सरकारी खरीद करती है। खरीद के बाद भुगतान राशि किसान के बैंक में पहुंचती है। जमीन का डाटा ऑनलाइन होने पर किसान अपने हर खेत का खसरा और खतौनी नंबर के जरिये पंजीकरण करवा पाता है। इसके लिए उसे पटवारी आदि से सत्यापित करवाने की भी जरूरत नहीं होती है। पूरा डाटा पोर्टल पर फैमिली आईडी से जोड़ा गया है।
- प्रबंध करवाने में जुटे अधिकारी
सरकारी खरीद के लिए केंद्रों की सूची जारी हो गई है। जिला में दादरी नई अनाज मंडी, बाढड़ा, झोझूकलां, बौंदकलां में खरीद की जाएगी। बौंदकलां में सरसों का रकबा कम है। बाढड़ा, दादरी, झोझूकलां ब्लॉक में सरसों की बिजाई ज्यादा एकड़ में की गई है। ऐसे में बौंद कलां को गेहूं खरीद केंद्र बनाया जा सकता है। बोर्ड ने सभी आवश्यक तैयारी शुरू कर दी है।



मार्च अंतिम सप्ताह में सरसों की सरकारी खरीद शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए मंडियों की सूची जारी हो गई है। हैफेड एजेंसी खरीद करेगी। खरीद के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। बिजली, पानी का प्रबंध किया जा रहा है। खरीद पोर्टल पर पंजीकृत किसानों की ही होगी। - परमजीत नांदल, सचिव, मार्केटिंग बोर्ड, चरखी दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें