चरखी दादरी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने निशुल्क आधार कार्ड अपडेशन की तिथि 14 जून तक बढ़ा दी है। जिले के सभी लोग आठ से दस साल पहले बने अपने आधार कार्ड को निर्धारित दिन तक यूआईडीएआई के पोर्टल पर निशुल्क अपडेट करवा सकते हैं। आधार कार्ड को ऑनलाइन अपडेट कराने के लिए आधार कार्ड धारक को किसी प्रकार के शुल्क की अदायगी नहीं करनी होगी।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि जिले में जिन व्यक्तियों ने पिछले आठ या दस साल में आधार कार्ड को अपडेट नहीं कराया है, ऐसे व्यक्ति को अपना आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए रिहायशी प्रमाणपत्र और स्वयं का पहचान पत्र ऑनलाइन अपलोड करना होगा। आधार कार्ड धारक माई आधार पोर्टल से आधार ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं, वहीं माई आधार एप में जहां पहचान पत्र के प्रमाण के रूप में स्वीकार्य दस्तावेजों की सूची भी है और पते का प्रमाण भी उपलब्ध है।
उन्होंने जिलावासियों से इस निशुल्क सेवा का लाभ उठाकर आधार कार्ड अपडेट कराने का आह्वान किया है। ऑनलाइन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए उन्होंने अपने मोबाइल नंबर को आधार में अपडेट रखने की सलाह दी है।