संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पीडब्ल्यूडी ने रोहतक रोड फाटक पर बनने वाले आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) की जीएडी (विस्तृत रिपोर्ट) तैयार कर रेलवे विभाग के पास भेजी है। विभाग की अनुमति मिलते ही आरओबी निर्माण की अगली प्रक्रिया पर काम शुरू कर दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अगले चार माह में आरओबी निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होने की उम्मीद है। आरओबी पर करीब 45 करोड़ और सड़क की चौड़ाई बढ़ाने पर 25 करोड़ का बजट खर्च होगा।
शहर का रोहतक रोड सबसे व्यस्तम मार्ग है और पिछले दो दशक से यहां आरओबी निर्माण की मांग उठ रही है। करीब डेढ़ साल पहले सरकार ने इसके लिए 25 करोड़ का बजट स्वीकृत किया था। इसके तहत पीडब्ल्यूडी ने यहां करीब 1200 मीटर लंबा टू-लेन आरओबी बनाने की योजना तैयार की थी। इसके बाद विभाग ने इस प्रोजेक्ट में फेरबदल किया और आरओबी को फोरलेन बनाने के साथ रावलधी चौक तक भी सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की योजना तैयार कर इसका एस्टिमेट तैयार किया गया। इसके मुताबिक यहां दोनों मदों पर 70 करोड़ खर्च होने हैं। अब पीडब्ल्यूडी ने अगली कार्रवाई करते हुए इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर ली है।
24 घंटे में गुजरती हैं 30 ट्रेनें
रोहतक फाटक की अगर बात करें तो 24 घंटे में 30 ट्रेनों की आवाजाही होती है। एक बार फाटक बंद होने पर वाहन चालकों के करीब 20 मिनट खराब हो जाते हैं। कई दफा तो वाहनों की कतार एक तरफ रेस्ट हाउस मोड़ तो दूसरी ओर चंपापुरी क्षेत्र तक पहुंच जाती है।
15 मीटर चौड़ी की जाएगी सड़क
पीडब्ल्यूडी अधिकारी के अनुसार करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे रोहतक रोड की इस समय चौड़ाई सात मीटर है। इसकी चौड़ाई बढ़ाकर 15 मीटर की जाएगी। पीडब्ल्यूडी के पास सड़क के दोनों ओर करीब 100 फुट जगह है। विभाग की योजना है कि सड़क के बीच में सुंदरीकरण के लिए डिवाइडर भी बनाया जाए। इस मद पर करीब 25 करोड़ रुपये लागत आएगी और यह भी योजना का हिस्सा है।
रोहतक रोड आरओबी प्रोजेक्ट की जीएडी विभाग ने तैयार कर ली है। रेलवे की सहमति मिलते ही फाइल सरकार को भेज दी जाएगी। इस प्रोजेक्ट पर करीब 70 करोड़ खर्च होने हैं और जल्द ही काम शुरू होने की उम्मीद है। - सोमबीर दहिया, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी