फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: आंदोलन के समर्थन में जनसंगठनों ने शहर में किया प्रदर्शन, वाहनों के आगे लेटा प्रदर्शनकारी

Sat, 24 Feb 2024 01:25 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
शहर में प्रदर्शन करते जनसंगठनों के पदाधिकारी व किसान।
विज्ञापन
चरखी दादरी। किसान आंदोलन को लेकर दादरी जिले में भी हलचल शुरू हो गई है। शनिवार को खापों की रहनुमाई में विभिन्न जनसंगठनों ने एक मंच पर आकर शहर में प्रदर्शन किया और परशुराम चौक पर सरकार का पुतला फूंका। वहीं, परशुराम चौक पर एक प्रदर्शनकारी ने सड़क पर वाहनों के आगे लेटने का भी प्रयास किया लेकिन चंद सेकेंड में ही पुलिस ने उसे उठा दिया। प्रदर्शनकारी संगठनों ने 26 फरवरी को दादरी शहर में ट्रैक्टर मार्च निकालने का भी ऐलान किया है। शुक्रवार दोपहर संगठनों के प्रदर्शन के चलते शहर में ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित रही।
विज्ञापन

इससे पहले प्रदर्शनकारी सुबह 11 बजे रोज गार्डन में एकत्र होना शुरू हुए और वहां रोष बैठक की। वक्ताओं ने संबोधन में सरकार पर निशाना साधते हुए किसान आंदोलन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार एमएसपी की मांग कर रहे किसानों पर जुल्म ढहा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जल्द अपनी कार्यवाही बंद नहीं की तो किसान और कड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की कायरतापूर्ण हरकतों के खिलाफ 26 फरवरी को जिला स्तर पर ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा।
वहीं, पूर्व राज्यपाल सतपाल मलिक के विरुद्ध ईडी के छापों को लेकर वक्ताओं ने कड़ा रोष जताते हुए कहा कि किसानों के पक्ष में बोलने के कारण सतपाल मलिक पर नाजायज दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के ओच्छे हथकंडों से किसान और मजदूर हताश नहीं होंगे और आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। इसके बाद शहर में रोष प्रदर्शन किया। वहीं, खाप पदाधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दादरी जिले में दो धरने शुरू कर दिए जाएंगे। इसके लिए कोर कमेटी बैठक कर जगह तय करेगी। ये प्रक्रिया एक से दो दिन के अंदर पूरी की ली जाएगी और इसके बाद पक्के मोर्चे शुरू किए जाएंगे।
विज्ञापन




रोजगार्डन से लेकर परशुराम चौक तक पुलिस ने रखी निगरानी
रोजगार्डन में प्रदर्शनकारियों के एकत्र होने से पहले ही पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। वहीं, रोजगार्डन के बाहर भी पुलिसकर्मी तैनात रहे। प्रदर्शन के दौरान भी पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों से आगे चले। वहीं, जब प्रदर्शनकारी परशुराम चौक पर पहुंचे तो भी वहां भी पुलिस कर्मचारियों की संख्या बढ़ा दी गई।


आधे घंटे तक प्रभावित रही यातायात व्यवस्था
प्रदर्शन के मद्देनजर करीब आधे घंटे तक बस स्टैंड रोड और परशुराम चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था बाधित रही। पुतला दहन के 10 मिनट बाद तक प्रदर्शनकारी चौक पर ही डेरा डाले रहे और उसके बाद वहां से रवाना हुए। प्रदर्शनकारियों के लौटने के बाद पुलिस जवानों ने भी राहत की सांस ली।


इन संगठनों के पदाधिकारियों ने लिया भाग

प्रदर्शन में फौगाट खाप प्रधान बलवंत व सचिव सुरेश फौगाट, किसान सभा के रणधीर कुंगड़, पूर्व सीपीएस रणसिंह मान, राजकुमार घिकाड़ा, कमलेश भैरवी, सुरेश फौगाट, राजू मान, अजीत फौगाट, पूर्व पार्षद विरेंद्र पप्पू, रिंपी फौगाट, आप जिला अध्यक्ष धनराज कुंडू, प्रकाश भैरवी, सत्या लेघा व योगेश इमलोटा आदि ने भाग लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें