न्यायिक अधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते प्रधान नसीब राणा व बार अधिवक्ता।
चरखी दादरी। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशानुसार जिला अदालत में तीन नए न्यायिक अधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं। शुक्रवार को तीनों अधिकारियों ने अपना पदभार संभाल लिया और मामलों की सुनवाई की।
जिला बार प्रधान नसीब राणा ने बताया कि हाल ही में हाईकोर्ट के निर्देशानुसार तीन नई अदालतें बनाई गई हैं। इनमें शुक्रवार को न्यायिक अधिकारी लक्ष्य गर्ग, रजत अरोड़ा व मयंक गुप्ता ने अपना पदभार संभाला। अधिकारियों की नियुक्ति पर बार पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और कार्यभार संभालने लिए के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी।
प्रधान नसीब राणा ने कहा कि बार अधिवक्ता पिछले लंबे समय से जिले में नई कोर्टों के निर्माण की मांग कर रहे थे। जिले में पहले केवल छह कोर्ट थी और इन्हीं में विभिन्न मामलों की सुनवाई होती थी। साथ ही अदालत व न्यायिक अधिकारियों की कमी के चलते अधिवक्ताओं को अपने मामलों में लंबी तारीखें मिल रही थी। इससे अधिवक्ता व मुवक्किल दोनों को ही परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब तीन नई कोर्ट बनने से जिले में कुल नौ अदालत हो गई हैं। ऐसे में अब मामलों की जल्द सुनवाई होगी और मुवक्किल व अधिवक्ताओं को भी लंबे समय तक तारीख का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अधिवक्ताओं का कहना है कि प्रधान नसीब राणा ने बार की ओर से पैरवी करके जिले में तीन नई अदालतों का शुभारंभ करवाया है। उनका यह कदम सभी के लिए सराहनीय और जायज कदम है। अधिवक्ताओं ने तीनों अदालतों में कार्य शुरू करवाने पर प्रधान नसीब राणा का आभार जताया। इस दौरान उप प्रधान अजय छिक्कारा, सचिव मनोज जांगड़ा, सहसचिव गौरव, खजांची, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।