चरखी दादरी। जिले की अनाज मंडियों में सोमवार से खरीद व्यवस्था पूरी तरह हाईटेक और 24 घंटे सुचारू हो गई है। मार्केट कमेटी ने बड़ा बदलाव करते हुए गेहूं व सरसों की खरीद अब दिन के साथ-साथ रात में भी शुरू कर दी है। इसके बाद सोमवार रात को भी किसान मंडी में पहुंचे और फसल बेची।
एक सबसे बड़ा बदलाव गेट पास व्यवस्था में किया गया है। पहले जहां किसानों को मोबाइल से क्यूआर कोड बनाकर लाना अनिवार्य था। अब इस झंझट को खत्म कर दिया गया है। मंडी में पहुंचने वाले किसान केवल अपना मोबाइल नंबर बताएंगे और कर्मचारी तुरंत मौके पर ही गेट पास बनाकर एंट्री कर देंगे।
इस फैसले से ग्रामीण और कम तकनीकी जानकारी रखने वाले किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। जिले की मंडियों में सरसों की आवक लगातार बढ़ रही है लेकिन सरकारी खरीद अब भी पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई है। मंडी के हर गेट पर तीन-तीन कर्मचारियों की तैनाती की गई है जो अलग-अलग शिफ्टों में 24 घंटे काम कर रहे हैं।
4 बायोमेट्रिक मशीनें और लगाई जाएंगी : तकनीकी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए बायोमेट्रिक सिस्टम का भी मंडियों में सुधार किया गया है।
दादरी की नई अनाज मंडी में 7 बायोमेट्रिक मशीनें स्थापित की गई हैं। वहीं पूरे जिले में इनकी संख्या 16 है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही 4 और मशीनें लगाई जाएंगी, जिससे खरीद प्रक्रिया तेज होगी। किसानों को फसल बेचने के बाद इस बायोमेट्रिक मशीन में अंगूठा लगाना अनिवार्य है।