चरखी दादरी। एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज नशीले पदार्थ तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को स्पेशल स्टाफ चरखी दादरी ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बिरही कलां निवासी धर्मबीर था है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2019 में धर्मबीर के कब्जे से 127 ग्राम चरस बरामद हुई थी।
इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने 19 मई 2019 को धर्मबीर और सह-आरोपी ओमप्रकाश के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया था। जमानत मिलने के बाद धर्मबीर अदालत की कार्यवाहियों से लगातार अनुपस्थित रहने लगा।
इस पर अदालत ने कड़ा संज्ञान लेते हुए 29 अगस्त 2026 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया। रविवार को स्पेशल स्टाफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी धर्मबीर को उसके पैतृक गांव बिरही कलां से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।