बाढड़ा। गांव कारी मोद स्थित गोगा धाम पर मंदिर कमेटी द्वारा इनामी कुश्ती दंगल, भंडारा एवं जागरण का आयोजन किया गया। कुश्ती दंगल की 21 हजार रुपये की प्रथम कुश्ती के कड़े मुकाबले में पहलवान जतिन गोपी और संदीप गोलागढ़ के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। वहीं 5100 रुपये की कुश्ती में सोनू सासरोली ने पहलवान नवीन भानगढ़ को हराकर दंगल अपने नाम किया।
कारी मोद के जाहरवीर महाराज के वार्षिकोत्सव मेले, भंडारे व जागरण में कारी मोद, बाढड़ा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने धाम परिसर में पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कमेटी द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढी, जजपा हल्का अध्यक्ष विजय श्योराण काकड़ोली, पंचायत समिति चेयरमैन प्रतिनिधि आनंद फौजी, पूर्व वाइस चेयरमैन संदीप बाढड़ा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढी ने कहा कि कुश्ती हमारी प्राचीन खेल परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। धार्मिक आयोजनों के साथ खेल प्रतियोगिताएं समाज में भाईचारे, एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करती हैं।
जजपा हल्का अध्यक्ष विजय श्योराण काकड़ोली ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। ग्रामीण स्तर पर होने वाले ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और खेल परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन कार्यक्रम में सरपंच नरेश कारी मोद, पूर्व सरपंच बिजेंद्र बाढड़ा, जेजेपी जिला प्रवक्ता राजेंद्र हुई, जिला पार्षद प्रतिनिधि सुभाष लाडावास, पूर्व वाइस चेयरमैन संदीप सांगवान बाढड़ा, अनिल मोटू काकड़ोली, दीपेश कारी, बलजीत सरपंच कारी, मंजीत बाढड़ा, जयवीर ठेकेदार, संदीप सांगवान धारणी, पूर्व सरपंच कृष्ण ठाकन, कर्मवीर सरपंच कारी, रामकुमार प्रधान बाढड़ा, धनसिंह बाढड़ा, नवीन मोद, डॉ. सुजीत, संतलाल गावड़िया, महावीर मोद, मनदीप मोद, सतबीर जांगड़ा, कर्ण मेचू, सतीश मास्टर, कोच मंजीत बाढड़ा, श्रवण कारी, कर्मवीर कारी आदि मौजूद रहे।