चरखी दादरी। शहर स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को जिलास्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें जिले के राजकीय और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर स्वनिर्मित मॉडल प्रस्तुत किए। संसाधन प्रबंधन में प्रशांत और कचरा प्रबंधन में गायत्री के मॉडल को प्रथम स्थान मिला।
जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कृष्णा फोगाट के मार्गदर्शन यह आयोजन किया गया। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ) नवीन नारा ने मॉडल का अवलोकन किया। जिला विज्ञान विशेषज्ञ वीनू शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य विज्ञान और गणित विषय में विद्यार्थियों की रुचि पैदा करना और उन्हें विज्ञान के प्रति प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में विद्यार्थियों का रुझान गणित और विज्ञान विषय की ओर से घट रहा है। इसके लिए शिक्षा विभाग प्रदर्शनी और स्पर्धाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रेरित कर रहा है। प्रदर्शनी के लिए मुख्य थीम प्राकृतिक कृषि, संसाधन प्रबंधन, कचरा प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, यातायात एवं संचार, गणितीय ज्यामिति पर आधारित रही।
विद्यार्थियों ने इनसे संबंधित मॉडल बनाए। उन्होंने मॉडल की विवरण प्रस्तुति भी दी। सभी थीम के लिए दो-दो निर्णायक नियुक्त किए गए। उन्होंने मॉडल देखे और विद्यार्थियों से संबंधित जानकारी ली। अंत में सभी विजेताओं को डीईईओ नवीन नारा ने पुरस्कृत किया।
- किस थीम में कौन रहा विजेता
1- कचरा प्रबंधन में समसपुर राजकीय स्कूल की छात्रा गायत्री प्रथम, झोझूकलां राजकीय स्कूल की छात्रा स्नेहा द्वितीय और मिसरी राजकीय स्कूल की छात्रा रिचा ने तीसरा स्थान पाया।
2- संसाधन प्रबंधन में दादरी आदर्श स्कूल से छात्र प्रशांत का मॉडल सर्वश्रेष्ठ रहा। रानीला राजकीय स्कूल की छात्रा प्राची का मॉडल द्वितीय जबकि कलियाणा पीएमश्री स्कूल के छात्र हेमंत तीसरे स्थान पर रहे।
3- यातायात एवं संचार में जावा राजकीय स्कूल से छात्र बजरंग का दुर्घटना प्रबंधन का मॉडल श्रेष्ठ रहा। कलियाणा राजकीय स्कूल से छात्र मोहित का जेब्रा क्रॉसिंग पर आधारित मॉडल दूसरे स्थान पर रहा। बाढड़ा राजकीय स्कूल के छात्र प्रशांत का मॉडल तीसरे स्थान पर रहा।
4- कृषि यंत्र थीम में सरुपगढ़ राजकीय स्कूल की छात्रा निकिता का मॉडल पहले, सांवड़ डीपीएस स्कूल से तनीषा और पांडवान राजकीय स्कूल से लक्ष्मी का मॉडल तीसरे स्थान पर रहा। गणित में दिव्या, दक्ष और आरती के मॉडल पहले तीन स्थानों पर रहे।
5-भोजन और स्वास्थ्य में सांवड़ राजकीय स्कूल से प्रिंस, कलियाणा राजकीय स्कूल से शगुन और समसपुर राजकीय स्कूल से सोनिका तीसरे स्थान पर रहीं। प्राकृतिक खेती में झिंझर राजकीय स्कूल से वैभव प्रथम, जावा राजकीय स्कूल से शुभम द्वितीय और पांडवान राजकीय स्कूल से ज्योति ने तीसरा स्थान पाया।
जिलास्तरीय विज्ञान मॉडल में आदर्श स्कूल प्रथम
चरखी दादरी। दादरी राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिलास्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रतियोगिता में आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस स्कूल की टीम विज्ञान मॉडल श्रेणी में प्रथम और गणित मॉडल श्रेणी में दूसरे स्थान पर रही। इनमें शामिल विद्यार्थियों को शुक्रवार सुबह स्कूल प्रबंधन समिति ने सम्मानित किया।
स्कूल के निदेशक रामकिशन श्योराण ने बताया कि छात्र प्रशांत और छात्रा मुनेश को उनके वर्किंग मॉडल के लिए एसडीएम की ओर से सम्मानित किया गया। इन दोनों विद्यार्थियों का चयन राज्यस्तरीय स्पर्धा के लिए भी हुआ है। प्राचार्य दीपक शर्मा ने बताया कि इससे पहले जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में 50 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। एपीएस विद्यालय के निदेशक नवीन श्योराण और प्राचार्या लक्ष्मी सांगवान ने भी इन बच्चों को बधाई दी।