बाढड़ा। उपमंडल में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते पिछले 24 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिजली के अभाव में पेयजल आपूर्ति, पशुपालन, खेती और व्यापार प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों को घरेलू जरूरतें पूरी करने के लिए भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं बिजली कर्मचारियों ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन उपमंडल बिजली कार्यालय परिसर में धरना जारी रखा।
बिजली कर्मचारी यूनियन के कैशियर प्रविंद्र भांडवा के अनुसार, हड़ताल के चलते क्षेत्र में दस 33 केवी और तीन 132 केवी फीडर पिछले 24 घंटे से बंद हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को घरों में पानी की व्यवस्था करने में परेशानी हो रही है। पशुओं के लिए पानी और चारे का प्रबंध करना भी मुश्किल हो गया है।
श्योराण खाप-25 सहित कई संगठनों ने दिया समर्थन
बिजली कर्मचारियों के धरने को श्योराण खाप-25 के प्रधान बिजेंद्र बेरला, जाट आरक्षण संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष गंगाराम श्योराण, इनेलो और कांग्रेस सहित विभिन्न सामाजिक व किसान संगठनों का समर्थन मिला। पूर्व विधायक रणबीर सिंह मंदोला, भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान हरपाल भांडवा, इनेलो जिलाध्यक्ष सुबे सिंह अटेला और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी धरने में पहुंचकर कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया।
जननायक जनता पार्टी (जजपा) के जिला प्रवक्ता राजेंद्र हुड्डा ने हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल का समर्थन किया है।