चरखी दादरी। राज्य में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने और नशा मुक्त राज्य के संकल्प को साकार करने की दिशा में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में नार्को कोऑर्डिनेशन कमेटी की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
वीसी से आयोजित बैठक में उपायुक्त मनदीप कौर ने जिला से संबंधित जानकारी दी। बैठक में पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी भी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार ड्रग्स के मामले में पूरी तरह से जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त बड़े सप्लायरों और नेटवर्क पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में जिला स्तर पर भी उसी के अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल को और अधिक बेहतर बनाएं और खुफिया तंत्र को और अधिक सक्रिय कर ड्रग सप्लाई चेन के रूट्स की पहचान कर उन्हें तोड़ने का काम किया जाए।
उन्होंने तस्करी और सेवन से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां पुलिस गश्त बढ़ाने और लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखने को कहा ताकि युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सके।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नशे पर प्रहार के लिए केवल दंडात्मक कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जन-सहभागिता भी उतनी ही जरूरी है। युवाओं और विद्यार्थियों के बीच नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की भी जरूरत है। पुनर्वास केंद्रों में उपचार और परामर्श सुविधाएं बढ़ाई जाएं।