घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त बाइक व बोलेरो वाहन।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले के गांव मोरवाला व बिगोवा के बीच एक रोज पहले बोलेरो वाहन की टक्कर में मरने वाले बाइक सवार युवक के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को दादरी के नागरिक अस्पताल में करवाया गया। मृतक उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के प्रताप नगर निवासी 27 वर्षीय संदेश भारती था। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए थे जिन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार संदेश भारती वर्तमान में दिल्ली में रहता था और रिठाला बस स्टैंड पर रंग-पेंट का काम करता था। 29 अप्रैल को वह झज्जर जिले के माजरा में अपने दोस्त रमेश के पास आया था। वीरवार को संदेश भारती, रमेश व गांव मोरवाला निवासी महावीर किसी कार्य के चलते बाइक पर सवार होकर माजरा से मोरवाला की तरफ आ रहे थे।
जब वे गांव बिगोवा और मोरवाला के बीच पहुंचे तो सामने से आ रहे एक बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बोलेरो चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। बाद में घायलों को उपचार के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां पर चिकित्सकों ने संदेश भारती को मृत घोषित कर दिया और रमेश व महावीर को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। शुक्रवार को संदेश भारती के परिजनों के दादरी पहुंचने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया।
घटना की जानकारी पाकर इमलोटा चौकी पुलिस भी घटनास्थल व नागरिक अस्पताल में पहुंची। इमलोटा चौकी प्रभारी व जांच अधिकारी एएसआई संदीप ने बताया कि घायल रमेश के बयान के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।