एमसीएच यूनिट में बच्चों का उपचार करते डॉ. सुधीर कुमार।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। सरकार की ओर से एक तरफ सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का दावा किया जा रहा है वहीं दूसरी तरफ पहले से ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी झेल रहे दादरी स्वास्थ्य विभाग में तैनात एकमात्र बाल रोग विशेषज्ञ चिकित्सक का तबादला कर दिया गया।
विभाग के मुख्यालय की ओर से हाल ही में जारी की गई सूची में दादरी में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर कुमार का तबादला महेंद्रगढ़ जिले के कनीना नागरिक अस्पताल में कर दिया गया।
डॉ. सुधीर कुमार के तबादले के बाद बाल रोग ओपीडी व दूसरी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है क्योंकि उनके स्थान पर किसी अन्य विशेषज्ञ की नियुक्ति यहां नहीं की गई है। हालांकि जिला स्वास्थ्य विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए दादरी में डिस्ट्रिक्ट रेजिडेंसी प्रोग्राम के तहत आईं डीएनबी प्रशिक्षु डॉ. अन्नू की ड्यूटी आगामी तीन महीनों के लिए ओपीडी में लगाई है।
डॉ. सुधीर कुमार स्थानीय एमसीएच यूनिट में स्थापित बाल रोग ओपीडी में बच्चों का उपचार करने के साथ-साथ यहां पर स्थित मदर-न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) के इंचार्ज का कार्यभार भी संभाल रहे थे। अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार बाल रोग ओपीडी में हर रोज करीब 50 से 60 बच्चे उपचार के लिए आते हैं। अब विशेषज्ञ का तबादला होने से अभिभावकों को बच्चों के उपचार के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ेगा।