तीन साल के लंबे इंतजार के बाद हुडा सेक्टरों में प्लॉट लेने वालों का मकान बनाने का सपना अब पूरा हो जाएगा। इसके बीच फंसा पजेशन लेटर का पेच सोमवार को सुलझ गया है। सेक्टरों में जलापूर्ति सुनिश्चित होने के बाद डीसी शिवप्रसाद शर्मा और हुडा अधिकारियों ने प्लॉट धारकों को पजेशन लेटर जारी कर दिए हैं। सेक्टर आठ और नौ में रामनगर जलघर से पेयजल आपूर्ति दी जाएगी। डीसी शिवप्रसाद शर्मा ने बताया कि पजेशन लेटर न मिलने के चलते प्लॉट धारक भूमि पर कब्जा नहीं ले पा रहे थे।
गत तीन साल से दादरी शहर के हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण सेक्टरों में मकान बनाने का सपना देख रहे प्लाटधारकों की इच्छा पजेशन लेटर मिलने के बाद पूरी हो जाएगी। जलापूर्ति की व्यवस्था के अभाव में जो प्लाटधारक अपनी भूमि का कब्जा नहीं ले पा रहे थे, उनको सोमवार को डीसी शिवप्रसाद शर्मा व हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण हिसार के प्रशासक अमरजीत मान ने पजेशन लेटर देकर आशियाना बनाने का मार्ग प्रशस्त कर दिया।
दादरी शहर में 2007 के दौरान हशविप्रा के नए रिहायशी सेक्टर विकसित किए जाने की प्रक्रिया आरंभ हुई थी। स्थानीय महेंद्रगढ़ बाईपास रोड पर सेक्टर आठ और नौ बनाए गए। उनके प्लाट आवंटन की कवायद भी पूरी कर ली गई। सेक्टर आठ में 381 भूखंड हैं और इनमें से 211 प्लाट आवंटित किए जा चुके हैं। इसी प्रकार सेक्टर नौ में 517 प्लाट हैं और 268 प्लॉट आवंटन हो चुके हैं। यहां पानी व सीवरेज की लाइनें बिछाई जा चुकी हैं। सड़कें भी बन चुकी हैं। इसके बावजूद जलापूर्ति के लिए वाटर वर्क्स से पाइपलाइनों को नहीं जोड़े जाने की वजह से प्लॉट धारकों को पजेशन लेटर नहीं जारी किया गया था। आवंटन से लेकर अब तक पिछले तीन सालों से हशविप्रा सेक्टर में प्लॉट धारक अपना खुद का मकान बनाने का सपना संजोए हुए थे।
पाइप लाइन डालने का काम हुआ शुरू
डीसी शिवप्रसाद और हशविप्रा प्रशासक अमरजीत मान ने सेक्टर आठ में पहुंचकर जलापूर्ति की पाइपलाइन को रामनगर जलघर से जोड़ने के कार्य का शुभारंभ किया। यहां शहरी विकास प्राधिकरण का बूस्टिंग स्टेशन भी बना हुआ है। डीसी ने नारियल फोड़कर इस कार्य को शुरू करवाया। इसके बाद उन्होंने बूस्टिंग स्टेशन परिसर में पौधरोपण भी किया। उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता शशिकांत को यह कार्य करवाने के निर्देश दिए थे।
नक्शा के लिए प्लॉट धारक कर सकते हैं आवेदन
अमरजीत मान ने बताया कि प्लॉट धारक ऑनलाइन मकान के नक्शा मंजूर करने का आवेदन कर सकते हैं। नक्शा के आवेदन एक दिन में ही स्वीकृत कर दिए जाएंगे। इसके बाद यहां मकान बनाने का काम शुरू हो सकता है। उपायुक्त ने इस कार्य के संपन्न होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दादरी अब पूर्ण रूप से एक शहर के रूप में विकसित होने जा रहा है।
ये रहे मौजूद
पेयजल परियोजना के शुभारंभ पर दादरी बार एसोसिएशन के प्रधान ऋषि पहल, मंजीत सिंह, मुन्नी चौधरी, प्रदीप फौगाट, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता शशिकांत, दादरी रेडक्रॉस सचिव श्यामसुंदर शर्मा, शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यकारी अभियंता भूपेंद्र सिंह, गुलाब सिंह ग्रेवाल, एसडीओ विनोद गुप्ता, जेई सुभाष, धर्मबीर बूरा, विकास आदि उपस्थित रहे।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के क्षेत्र में मकान बनने और इस इलाके का विकास होने से शहर का नया बदला हुआ स्वरूप सामने आएगा। जो सेक्टर बरसों से वीरान पड़े थे, उनमें लोगों की चहल-पहल बढ़ने से दादरी का भी विस्तार होगा।
- शिवप्रसाद शर्मा, डीसी