चरखी दादरी। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार लोकसभा चुनाव के दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग निगरानी सामान्य रूप से दो स्तरीय होगी, जिसमें राज्य नियंत्रण कक्ष और जिला नियंत्रण कक्ष शामिल हैं। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से भी वेबकास्टिंग निगरानी की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि पूरे हरियाणा प्रदेश में 25 मई को मतदान होगा। इसके मद्देनजर सभी मतदान केंद्रों पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व किसी भी प्रकार की गलत गतिविधि न कर सके और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव करवाए जा सके। इसे लेकर इस बार निर्वाचन आयोग ने सभी मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग करवाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी स्तर पर सभी मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग द्वारा निगरानी की जाएगी। किसी भी मतदान केंद्र पर मतदान के दिन यदि कोई शरारती तत्व कुछ भी गलत करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।