चरखी दादरी में जनता कॉलेज के बाहर तैनात दुर्गा शक्ति टीम।
चरखी दादरी। बाजार में महिलाओं और शिक्षण संस्थाओं में आते-जाते समय छात्राओं पर फब्तियां कसने वाले मनचलों की अब खैर नहीं है। एसपी पूजा वशिष्ठ ने बुधवार को पुलिस टीमों को निर्देश जारी कर दिए हैं। एसपी पूजा वशिष्ठ के निर्देशानुसार दुर्गा शक्ति और अन्य पुलिस टीमें सुबह और छुट्टी के समय शिक्षण संस्थानों के बाहर तैनात रहेंगी। इसकी शुरुआत बुधवार से कर दी गई है।
एसपी पूजा ने बताया कि कुछ मनचले बाजार में राह चलती महिलाओं और छात्राओं पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर फब्तियां कसते हैं। स्कूल और काॅलेज के बाहर भी कुछ असामाजिक तत्व छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी करते हैं जिससे वहां से गुजरने वाली छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस को कई बार इसकी शिकायत मिली है।
इसलिए एसपी ने महिला थाना पुलिस की दुर्गा शक्ति टीम, डायल 112, संबंधित थाना की पीसीआर और राइडर आदि पर तैनात पुलिसकर्मियों को बाजारों और शिक्षण संस्थाओं के पास गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। एसपी ने कहा कि गैर कानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों से भी सख्ती से निपटा जाए।
एसपी पूजा ने कहा कि जिला पुलिस महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अगर कोई महिला या छात्रा खुद को असुरक्षित महसूस करे तो तत्काल 112 डायल कर मदद मांगे।