चरखी दादरी। नशीले पदार्थों की बरामदगी और नशा तस्करों की गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस ने शनिवार को सर्च अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा के निर्देशानुसार सभी थाना प्रबंधकों ने अपने अधिकर क्षेत्र में टीमों के साथ विभिन्न जगहों पर दबिश दी।
सर्च अभियान के लिए 7 टीमें बनाई गईं। इनमें 150 पुलिस कर्मचारियों को शामिल किया गया। इसके बाद इन टीमों ने एक साथ मादक पदार्थों की बरामदगी व नशा तस्करों की धर-पकड़ के लिए दबिश दी।
विज्ञापन
शनिवार को गांव समसपुर, जेवली, झोझूकला, रानीला व बास गांव में पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। थाना शहर व सीआईए टीम ने मिलकर शहर के हुडा सेक्टर में बनीं झुग्गियों की तलाशी ली जबकि स्पेशल स्टाफ टीम एमसी कॉलोनी में डाली गईं झुग्गियों में पहुंची।
दबिश के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी की जांच की गई। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर अवैध शराब या अन्य कोई नशा करने वालों, संदिग्ध लोगों और अपराधियों की धर-पकड़ पर भी जोर दिया गया। पुलिस ने संदिग्धों के साथ ही आमजन से भी पूछताछ की।