चरखी दादरी। साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार सुबह जिला पुलिस की ओर से 1930 मीटर की मैराथन आयोजित की गई। इसके जरिये लोगों को हेल्प लाइन नंबर 1930 की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। मैराथन में युवाओं के अलावा पुलिसकर्मियों ने भाग लिया और लोगों को साइबर अपराध के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि साइबर अपराध की रोकथाम के लिए जनता को और जागरूक करने की जरूरत है। इसके तहत पुलिस अक्तूबर को राष्ट्रीय साइबर जागरूकता माह के रूप में मना रही है। उन्होंने बताया कि एसपी दीपक गहलावत के दिशा-निर्देशों पर जिला पुलिस ने बुधवार को 1930 मीटर की मैराथन आयोजित की। पुराना बस अड्डा से मैराथन की शुरूआत की गई और यहीं समापन किया गया।
निरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि साइबर ठग नए-नए पैंतरों से लोगों को चपत लगा रहे हैं। जागरूकता के अभाव में लोग आसानी से साइबर ठगों का शिकार बनकर खाते की रकम गंवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जागरूक रहकर ही साइबर ठगी से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो वह तुरंत 1930 डायल कर पुलिस को सूचित कर सकता है। इस मौके पर सुरक्षा शाखा प्रभारी एएसआई कर्मवीर और पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार मौजूद रहे।
बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
पुलिस विभाग की ओर से आयोजित किए गए कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी धूम रही। विद्यार्थियों ने नृत्य और गीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर तालियां बटोरी। पुलिस विभाग की ओर से इन प्रतिभागियों को प्रोत्साहित भी किया गया।