डीएसपी धीरज कुमार के साथ मोबाइल फोन वापिस पाने वाले नागरिक।
चरखी दादरी। जिला पुलिस की साइबर सेल ने गुम हुए 11 मोबाइल फोन ढूंढ कर सोमवार को उनके मालिकों को वापस लौटाए। डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि साइबर सेल जहां अपराध व अपराधियों पर शिकंजा कसने में अहम भूमिका निभा रही है वहीं साइबर सेल टीम ने महत्वपूर्ण सुराग जुटा कर फरवरी व मार्च महीने में गुम हुए करीब ढाई लाख रुपये की कीमत के 11 मोबाइल फोन सीईआईआर पोर्टल से ट्रेस कर सराहनीय कार्य किया है।
सोमवार को उक्त मोबाइल फोन के मालिकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुलाकर फोन उन्हें सौंपे गए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने पुलिस का आभार जताया। वहीं मोबाइल फोन ढूंढने में अहम भूमिका निभाने वाली साइबर सेल टीम की प्रशंसा की। डीएसपी धीरज कुमार ने कहा कि जहां लोगों को उनके मोबाइल फोन मिलने की खुशी है वहीं उनके मोबाइल फोन अपराधी किस्म के लोगों के हत्थे चढ़ने से भी बचे हैं। उन्होंने कहा कि दादरी साइबर सेल लगातार गुमशुदा मोबाइल्स की मॉनिटरिंग करती है। इसी के परिणामस्वरूप ही खोए हुए मोबाइल फोन टीम द्वारा बरामद किए गए हैं।
उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि वे अपने मोबाइल फोन को पूरी तरह सुरक्षित रखें। मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत अपना नंबर ब्लॉक करवा कर निकटवर्ती पुलिस को तुरंत सूचित करें। ताकि अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति किसी प्रकार से गुम हुए मोबाइल फोन का गलत प्रयोग न कर सकें।